Departments : NSS (BOYS), NSS (GIRLS), NSS BOYS SOCIETY, NSS GIRLS SOCIETY
From : 12-01-2026 To Date : 12-01-2026
स्वामी विवेकानंद केवल संत नहीं, आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक : प्रो. आरके कौशिक एमएम कॉलेज में राष्ट्रीय युवा दिवस पर सेमिनार, विद्यार्थियों ने निकाली ‘रन फॉर स्वदेशी’ फतेहाबाद। स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती राष्ट्रीय युवा दिवस के रूप में मनोहर मैमोरियल कॉलेज में धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर एनएसएस द्वारा युवाओं को राष्ट्र निर्माण और आत्मनिर्भरता से जोडऩे के लिए सेमिनार और ‘रन फॉर स्वदेशी’ का आयोजन किया गया। सेमिनार के मुख्यअतिथि पूर्व बैंक अधिकारी रविन्द्र नागपाल रहे वहीं मुख्य वक्ता के तौर पर प्रमुख शिक्षाविद् प्रो. आरके कौशिक व प्रो. सुरेन्द्रपाल ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने की। इस सेमिनार का आयोजित एनएसएस ब्वॉयज से कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विकेश सेठी और एनएसएस गल्र्ज कार्यक्रम अधिकारी प्रो. प्रतिभा मखीजा की देखरेख में किया गया। मंच संचालन वारिस सिंह ने किया। कॉलेज में सुबह के सत्र की शुरुआत ‘रन फॉर स्वदेशी’ मैराथन से हुई। इसका मुख्य उद्देश्य स्थानीय उत्पादों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और युवाओं को शारीरिक रूप से फिट रहने के लिए प्रेरित करना था। कॉलेज के छात्रों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया और कॉलेज परिसर ‘स्वदेशी अपनाएं, भारत को आत्मनिर्भर बनाएं’ के नारों से गूंज उठा। प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके पश्चात कॉलेज में आयोजित सेमिनार में मुख्य वक्ता प्रो. आरके कौशिक ने स्वामी विवेकानंद के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए वर्तमान परिप्रेक्ष्य में उनकी प्रासंगिकता पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद केवल संत नहीं, बल्कि युवाओं के मार्गदर्शक थे। उनका प्रसिद्ध मंत्र, ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए’, आज भी हर युवा के लिए दिशा दिखाने वाला दीपक है। उनका जीवन युवाओं को आत्मविश्वास, साहस और सेवा का पाठ पढ़ाता है, इसलिए उनकी जयंती को युवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। अपने संबोधन में रविन्द्र नागपाल ने युवाओं को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए नेतृत्व की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि कैसे स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग भारतीय अर्थव्यवस्था को मजबूती दे सकता है। अंत में डॉ. विकेश सेठी व प्रो. प्रतिभा मखीजा ने आए हुए अतिथियों का धन्यवाद किया और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. मीनाक्षी कोहली, डॉ. तृप्ता मेहता, डॉ. विजय गोयल, लै. विनोद कुमार, प्रीत कौर, सुशील, नैन्सी, गुरप्रीत सिंह के अलावा एनएसएस वॉलंटियर्स एवं अनेक विद्यार्थी मौजूद रहे।
Last Updated : February 5, 2026
